हरदोई कचहरी में अधिवक्ताओं के बीच मारपीट का VIDEO वायरल, दोनों पक्षों ने की शिकायत, मुकदमा दर्ज

हरदोई। जिला न्यायालय परिसर में दो अधिवक्ताओं के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल वीडियो में दोनों अधिवक्ता एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना ने न्यायालय परिसर में अनुशासन और आपसी विवादों के निपटारे के तरीकों पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर में अधिवक्ता सत्येंद्र मिश्रा और राघवेंद्र मिश्रा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में दोनों अधिवक्ता आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक अधिवक्ता नीचे और दूसरा उसके ऊपर नजर आता है। इसके बाद जब दोनों उठते हैं, तो दूसरा अधिवक्ता भी फिर से मारपीट करने का प्रयास करता दिखाई देता है। न्यायालय परिसर में हुई इस घटना के वीडियो ने अनुशासन को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो हरदोई के न्यायालय परिसर का है। मामले में दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों अधिवक्ताओं की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।